
रायगढ़। जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता महेन्द्र सिंह यादव ने जिम्मेदारी संभाली है। वर्ष 2001 से संघ से जुड़े यादव ने कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अपने संगठनात्मक सफर की शुरुआत की और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर दायित्व निभाते हुए अध्यक्ष पद तक पहुंचे।उन्होंने सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव, ग्रंथालय सचिव, सचिव और उपाध्यक्ष जैसे पदों पर कार्य किया। सचिव रहते हुए कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने न्यायाधीशों, चिकित्सकों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अधिवक्ताओं को फ्रंटलाइन कोरोना वारियर का दर्जा दिलाने तथा प्राथमिकता से टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए।इसके अलावा नोटरी कार्य के माध्यम से भी वे साथी अधिवक्ताओं को विधिक प्रावधानों के अनुरूप सहयोग प्रदान करते रहे हैं। उनका मानना है कि अधिवक्ता संघ वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं के बीच आपसी सहयोग, सम्मान और एकजुटता का महत्वपूर्ण मंच है।लगभग 25 वर्षों के संगठनात्मक अनुभव के बाद अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर अधिवक्ता साथियों को उनसे नई कार्ययोजना, बेहतर समन्वय और संगठन को मजबूत बनाने की उम्मीद है।
