
रायगढ़ के बाग तालाब चौक में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सैययद इफ्तेखार चिंटू साबरी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर चारों धर्मों के प्रमुख प्रतिनिधियों ने मिलकर राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया।कार्यक्रम में सिख समाज से श्री ज्ञान सिंह जी, मुस्लिम समाज से चांदमारी मस्जिद के इमाम साहब, रामभाटा चर्च से फादर श्री रामानुज खूजूर तथा हिंदू समाज से पंडित श्री रघुनंदन प्रसाद तिवारी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चारों धर्मों के प्रमुख लोगों द्वारा संयुक्त रूप से तिरंगा झंडा फहराया गया।समारोह में पुरानी बस्ती के बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उपस्थित लोगों के बीच मिठाई एवं चॉकलेट का वितरण किया गया। स्वतंत्रता दिवस की खुशी में ढोल-नगाड़े भी बजाए गए, जिससे पूरा बाग तालाब चौक देशभक्ति और उत्साह के माहौल से गूंज उठा।इस अवसर पर चारों धर्मों के लोगों का एक साथ आना रायगढ़ की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल बना।
